त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई, कालाढूंगी में 2 क्विंटल खोया और 200 लीटर दूध पकड़ा, नमूने भेजे

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में त्योहारों के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शासन के निर्देशानुसार गुरुवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में कालाढूंगी के नयागांव टी-पॉइंट पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान जनपद में आने वाले दो दर्जन से अधिक वाहनों का निरीक्षण किया गया। जांच में चार वाहनों से करीब 2 क्विंटल खोया और 200 लीटर से अधिक दूध बरामद हुआ, जिन पर संदेह जताते हुए तीन खोया और एक दूध का नमूना लैब परीक्षण के लिए भेजा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य कारोबार स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही विक्रय करें, बिना बिल के खरीदारी न करें और अपने स्टॉक का पूरा विवरण रखें।वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग ने विशेष सतर्कता बरती है। किसी भी हालत में मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन निरीक्षण कर कार्रवाई कर रही हैं और उसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंद किशोर और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *