20 सूत्रीय कार्यक्रम में नैनीताल की बड़ी छलांग, 13वें स्थान से सीधे तीसरे पायदान पर पहुंचा जिला

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

नैनीताल। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 के पिछले त्रैमास में 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत जनपद नैनीताल प्रदेश में 13वें स्थान पर था। जिले की इस कमजोर स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 20 सूत्रीय कार्यक्रम से जुड़े सभी विभागों की नियमित समीक्षा शुरू की और विकास कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।नियोजन विभाग, उत्तराखंड से प्राप्त ताजा त्रैमासिक आंकड़ों के अनुसार, जिलाधिकारी के प्रभावी नेतृत्व, सतत निगरानी और विभागीय समन्वय के चलते जनपद नैनीताल ने उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। बेहतर कार्य निष्पादन के फलस्वरूप जनपद ने प्रदेश स्तर पर 13वें स्थान से छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग सहित कुल 6 विभागों का प्रदर्शन बी श्रेणी में रहा है। इसके साथ ही जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं ने भी निरंतर बेहतर प्रगति करते हुए बी श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है।उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों, नियमित समीक्षा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे वर्तमान तिमाही में अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि आगामी मूल्यांकन में जिले की रैंकिंग और बेहतर हो सके।इसके साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतत मॉनिटरिंग और लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement