उत्तराखंड : 1035 युवाओं को मिली शिक्षक की नौकरी, CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में आयोजित कार्यक्रम में 1035 सहायक अध्यापक (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पाने वालों में 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से उनके कंधों पर उत्तराखंड के भविष्य को संवारने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार हैं और जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण व संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वह समाज और राष्ट्र निर्माण में भी अमूल्य योगदान देता है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध भी विकसित करें, ताकि वे जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से लेकर डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास तक हर स्तर पर व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और यह आंकड़ा युवाओं के आत्मसम्मान की जीत है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में दी गई नौकरियां राज्य गठन के बाद और पूर्ववर्ती सरकारों के समय से दो गुना से भी अधिक हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं के भविष्य से किसी को खिलवाड़ नहीं करने देगी। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में शिक्षा विभाग में 11,500 से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 3,500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा में नवाचार पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इस मौके पर शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement