देहरादून हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच, एसपी मुख्यालय ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सुना पक्ष, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन

देहरादून। कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई युवती की जघन्य हत्या के मामले में जांच को तेज करते हुए पुलिस मुख्यालय स्तर पर उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। नामित जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विशाखा अशोक भदाणे (आईपीएस) ने बुधवार को घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर पूरे प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका पक्ष गंभीरता से सुना और घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। पुलिस अधीक्षक ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक तरीके से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही या गंभीर त्रुटि सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।घटनास्थल निरीक्षण के बाद एसपी मुख्यालय ने कोतवाली नगर और खुड़बुड़ा पुलिस चौकी पहुंचकर प्रकरण से जुड़े अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं और पुलिस रिस्पॉन्स से संबंधित दस्तावेजों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह भी परखा जा रहा है कि घटना के समय पुलिस को मिली सूचनाओं पर किस प्रकार और कितनी तत्परता से कार्रवाई की गई। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सुनील कुमार मीणा ने बताया कि इस संवेदनशील प्रकरण को पुलिस मुख्यालय ने सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है और जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement