दिनदहाड़े सनसनी…गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या, आपसी विवाद की आशंका

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून: शहर के व्यस्त इलाके तिब्बती मार्केट के सामने बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन सिंह (40) की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। घटना की पुष्टि एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने की है अब तक मिली जानकारी के अनुसार दो युवक स्कूटी से मौके पर पहुंचे और कार में बैठे अर्जुन सिंह को निशाना बनाते हुए सीने में गोली दाग दी। बताया जा रहा है कि अर्जुन सिंह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे और उसी दौरान कार में बैठे हुए थे। तभी तेज रफ्तार से पहुंचे हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में फायरिंग कर दी और फरार हो गए।

मौके पर मचा हड़कंप, आसपास के लोग सहमे

गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल अर्जुन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, बदमाशों की तलाश तेज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी है।शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement