दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
दो अलग-अलग स्थानों पर तड़के कार्रवाई, दोनों के पैरों में लगी गोली, हथियार और स्कूटी बरामद
देहरादून। तिब्बती मार्केट के सामने हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद देहरादून पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर से लेकर देहात तक पुलिस टीमें अलर्ट मोड पर रहीं और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की लगातार जांच की गई। इसी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
रायपुर के लाडपुर जंगल में पहली मुठभेड़
तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
लालतप्पर में दूसरी मुठभेड़
इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी पर चेकिंग के समय एक स्कूटी सवार संदिग्ध पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर भागने लगा। वह वापस मुड़कर एक खंडर पड़ी फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
लगातार पूछताछ जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड के पीछे की साजिश, संभावित सहयोगियों और कारणों का खुलासा हो सके।

