दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
कोटद्वार। सोमवार देर शाम दुगड्डा क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। हाईवे पार कर रहे आठ साल के मासूम को गैस सिलेंडर से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी के अनुसार, दुगड्डा निवासी रविकांत गिरि का पुत्र अभिनंदन (8) घर के पास स्थित पार्क में खेलने गया था। शाम को घर लौटते समय वह हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान कोटद्वार की ओर से आ रहे गैस सिलेंडर से लदे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी 108 एंबुलेंस से अस्पताल, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही पास के बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा से बेस अस्पताल कोटद्वार भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दादा-दादी के साथ रहकर कर रहा था पढ़ाई
अभिनंदन दुगड्डा में अपने दादा-दादी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कक्षा-2 का छात्र था। उसके पिता रविकांत गिरि उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। मूल रूप से बरेली निवासी परिवार दुगड्डा में किराए के मकान में रहता है।
इलाके में शोक की लहर
हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसी और स्थानीय लोग परिजनों को ढांढस बंधाने घर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


