हल्द्वानी रोड़ पर बिजनेस पार्टनर के साथ होटल में रुकी महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

रुद्रपुर – हल्द्वानी मार्ग स्थित एक पांच सितारा होटल में दिल्ली की रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। महिला अपने बिजनेस पार्टनर के साथ होटल में ठहरी हुई थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके चलते पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली के लोधी रोड क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित के साथ कैंची धाम जाने के लिए दिल्ली से निकली थीं। बुधवार तड़के करीब 3 बजे दोनों रुद्रपुर के नैनीताल रोड स्थित होटल में ठहरे और कमरे में आराम करने चले गए।बताया जा रहा है कि दोपहर करीब डेढ़ बजे अमित घबराए हुए हालत में होटल के रिसेप्शन पर पहुंचा और महिला की तबीयत खराब होने की जानकारी देते हुए डॉक्टर बुलाने को कहा। इसके बाद होटल स्टाफ ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।इधर, मृतका की बहन ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस मृतका के साथ मौजूद बिजनेस पार्टनर अमित से पूछताछ कर रही है और उसके बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement