जमरानी परियोजना का असर: हल्द्वानी में बिजली कटौती, कई क्षेत्रों में आपूर्ति रहेगी बाधित

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी शहर में चल रहे जमरानी बाँध बहुउद्देश्यीय परियोजना के कार्यों का असर अब बिजली आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है। विद्युत विभाग ने साफ किया है कि नहर पुनर्निर्माण और सुरक्षा कार्यों के चलते शहर के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति पूर्ण या आंशिक रूप से बाधित रहेगी। इससे उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि विभाग ने इसे आवश्यक और सुरक्षा से जुड़ा कार्य बताया है। विद्युत नगरीय वितरण खंड हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार नैनीताल रोड स्थित नहर के किनारे वृक्षों के पातन का कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते हाईटेंशन (HT) और लो टेंशन (LT) लाइनों को अस्थायी रूप से बंद करना अनिवार्य हो गया है। इसके साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में 11 केवी पोषकों से निकलने वाली विद्युत लाइनों के समीप आ रहे पेड़ों की टहनियों की छंटाई का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य विद्युत लाइनों की सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है, लेकिन कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय में आवश्यक व्यवस्थाएं कर लें और सहयोग बनाए रखें, ताकि कार्य जल्द से जल्द पूरा कर सामान्य आपूर्ति बहाल की जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement