दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
काठगोदाम-हल्द्वानी हाईवे पर अंधड़ के कारण एक विशाल पेड़ बिजली लाइनों को तोड़ते हुए गिर गया। इस हादसे में कई वाहन सवार बाल-बाल बचे और घंटों ट्रैफिक जाम रहा।
हल्द्वानी। बुधवार रात को काठगोदाम हाईवे पर आए तेज अंधड़ के कारण एक विशालकाय पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर गया। इस हादसे के दौरान रास्ते से गुजर रही तीन कारें और दो बाइक सवार बाल-बाल बच गए। हाईवे पर गिरा पेड़ दोनों तरफ के यातायात को पूरी तरह ठप कर गया यह घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे कॉलटैक्स के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के ठीक सामने हुई। तेज हवाओं के कारण भारी-भरकम पेड़ मुख्य बिजली लाइन को चीरते हुए सड़क पर आ गिरा। पेड़ के भारी वजन के कारण बिजली का पोल भी जड़ से उखड़ गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके साथ ही पास में बनी एक ईंट की सुरक्षा दीवार भी अचानक भरभराकर ढह गई पेड़ सीधे मार्ग के दोनों लेन पर तिरछा गिरा, जिससे वाहनों की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर एक किलोमीटर से भी ज्यादा लंबा भारी जाम लग गया। इस अचानक हुई घटना से राहगीरों और वाहन चालकों के बीच काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। सैकड़ों लोग लंबे समय तक घने अंधेरे और जाम के बीच फंसे रहे घटना की गंभीरता को देखते हुए काठगोदाम पुलिस, फायर ब्रिगेड और ऊर्जा निगम की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने बढ़ते ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए सभी वाहनों को गौलापार मार्ग की तरफ डायवर्ट कर दिया। काठगोदाम कोतवाल जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि दमकल कर्मियों ने कटर की मदद से पेड़ को काटा। करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद रात 10:22 बजे हाईवे पर दोबारा ट्रैफिक सुचारू हो सका गनीमत रही कि यह विशालकाय पेड़ सीधे किसी चलते वाहन के ऊपर नहीं गिरा, वरना एक बहुत बड़ी जनहानि हो सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर मानसून और अंधड़ के दौरान पर्वतीय व मैदानी संपर्क मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की आवश्यकता को रेखांकित किया है। प्रशासन ने अब हाईवे के किनारे स्थित अन्य संवेदनशील और सूखे पेड़ों की पहचान करने का काम शुरू कर दिया है ताकि भविष्य में ऐसे खतरों को समय रहते टाला जा सके



