दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी के गौलापार में उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय के शुभारंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 29 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री रेखा आर्य और नैनीताल सांसद अजय भट्ट खेल विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण का शिलान्यास करने के साथ ही प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ करेंगे।कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और खेल विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में आज दोपहर को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्य ने खेल विश्विद्यालय की डिप्टी रजिस्ट्रार एवं उप निदेशक खेल रासिका सिद्दीकी,उप क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल सहित विभागीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।गौलापार में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के माध्यम से राज्यभर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और शिक्षा का अवसर मिलने की उम्मीद है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।खास बात यह है कि खेल विश्वविद्यालय का शुभारंभ 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। ऐसे में इस विशेष अवसर पर खेल विश्वविद्यालय की शुरुआत को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए खेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से किया जा रहा है।







