दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी में बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने इंदिरा नगर बड़ी रोड और शनि बाजार रोड स्थित दो और मदरसों को सील कर दिया। दोनों संस्थानों के संचालक जांच के दौरान संचालन से संबंधित आवश्यक वैध अनुमति और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही सीलिंग की कार्रवाई की इससे पहले भी क्षेत्र में दो मदरसों को इसी तरह सील किया जा चुका है। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों संस्थानों का निरीक्षण किया। टीम सबसे पहले इंदिरा नगर बड़ी रोड स्थित मदरसे पहुंची और वहां संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद शनि बाजार रोड स्थित मदरसे का निरीक्षण किया गया। दोनों स्थानों पर संचालकों से आवश्यक अनुमति पत्र और अन्य अभिलेख मांगे गए, लेकिन जांच के दौरान वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासन ने दोनों मदरसों को सील कर दिया अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति संचालित किए जा रहे संस्थानों की जानकारी सामने आने के बाद जांच अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र में संचालित अन्य मदरसों और शैक्षणिक संस्थानों के दस्तावेजों की भी जांच की संभावना बढ़ गई है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के अनुसार, अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के गठन के बाद मदरसा बोर्ड भंग किया जा चुका है। वर्तमान व्यवस्था में मदरसों के संचालन के लिए शिक्षा विभाग और उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों और अनुमति के बिना संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गौरतलब है कि बीते दिनों भी बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रशासन ने बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे दो मदरसों को सील किया था।


