बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आकर नर हाथी की मौत, टूटा दांत

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी 

 

हल्दी-छतरपुर रेलवे ट्रैक पर रात 11:30 बजे हुआ हादसा, वन विभाग कर रहा ट्रेन की रफ्तार की जांच

लालकुआं। हल्दी-छतरपुर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई। हादसा रात करीब 11:30 बजे रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 55/8 के पास हुआ। ट्रेन लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही थी। घटना तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज की है टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा। रेलवे प्रशासन ने दांत को सुरक्षा की दृष्टि से अपने कब्जे में ले लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसे वन विभाग को सौंप दिया जाएगा हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वन विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह 11 बजे विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार शव का निस्तारण किया जाएगा।

ट्रेन की रफ्तार की भी होगी जांच

हाथी की मौत के बाद वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि हादसे के समय ट्रेन निर्धारित गति सीमा के भीतर चल रही थी या नहीं। जांच के आधार पर हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement