विजिलेंस की कड़ी कार्रवाई, 2024 में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे अधिक ट्रैप, 19 अधिकारी गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त राज्य की मुहिम के तहत सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी ने वर्ष 2024 में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने हल्द्वानी सेक्टर के दौरे के दौरान जानकारी दी कि इस वर्ष विभाग को टोल फ्री नंबर 1064 पर कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं। जांच के बाद 16 मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए, जिनमें 19 अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। गिरफ्तार किए गए 19 अधिकारियों में 3 राजपत्रित और 16 अराजपत्रित अधिकारी शामिल हैं। इन मामलों में से 15 में जांच पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। राज्य गठन के बाद 2024 में सबसे अधिक ट्रैप कार्यवाहियां दर्ज की गईं, जो इससे पहले 2022 में 7 और 2023 में 9 थीं।आय से अधिक संपत्ति के मामलों में भी हल्द्वानी सेक्टर ने 2 नए अभियोग दर्ज किए हैं। वर्तमान में ट्रैप सहित 5 अभियोगों की विवेचना जारी है, जबकि 5 प्रकरणों में खुली जांच चल रही है। विभाग ने 2024 में कुल 5 अभियोगों में प्रभावी पैरवी करते हुए न्यायालय से दोषियों को कठोर कारावास की सजा दिलाई। सतर्कता विभाग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर 24×7 संपर्क कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में भाग लेने की अपील की गई है। निदेशक डॉ. मुरूगेशन ने नागरिकों से सतर्कता विभाग को अपना सहयोग देने का आग्रह किया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement