हल्द्वानी- शीशमहल गौला गेट पर उपखनिज निकासी पर रोक, स्थानीय लोग नाराज

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में गौला नदी के शीशमहल गेट पर उपखनिज निकासी में अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है। बीते 24 घंटों से यहां से गुजरने वाले उपखनिज से भरे वाहनों की निकासी पर रोक लगी हुई है स्थानीय निवासियों का कहना है कि खनन कार्य के दौरान सड़क पर भारी मात्रा में धूल और गंदगी फैल रही है। आमतौर पर वन निगम द्वारा हर साल सड़क पर पानी का छिड़काव किया जाता था, लेकिन इस बार अब तक ऐसा नहीं किया गया। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है लोगों ने मांग की है कि जब तक पानी का छिड़काव शुरू नहीं होता, तब तक गाड़ियों की निकासी नहीं होने दी जाएगी। इस रोक के चलते कई ट्रक और डंपर गेट के भीतर ही फंसे हुए हैं, जिससे वाहन चालकों और खनन कारोबारियों को नुकसान हो रहा है शीशमहल गौला गेट के प्रभारी ने बताया कि इस बार पानी छिड़काव के लिए बजट जारी नहीं हुआ है, जिस कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है और जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। फिलहाल, स्थिति जस की तस बनी हुई है और स्थानीय लोग अपनी मांग पूरी होने तक विरोध जारी रखने के मूड में हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement