दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद अब सड़कों तक पहुंच गया है। हल्द्वानी में दो महिला ब्लॉगरों के बीच इंटरनेट मीडिया पर चल रही रोस्टिंग और आरोप-प्रत्यारोप की लड़ाई मारपीट तक पहुंच गई। मामले में पुलिस ने एक महिला ब्लॉगर के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली ब्लॉगर सुनीता भट्ट (34) ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि दूसरी ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चौपाटी स्थित उनके कार्यस्थल पर पहुंचकर मारपीट की और फूड स्टॉल में तोड़फोड़ कर दी।
सोशल मीडिया पर रोस्टिंग से बढ़ा विवाद
जोशी कॉलोनी छोटी मुखानी निवासी सुनीता भट्ट के अनुसार वह इंटरनेट मीडिया पर ब्लॉगिंग करती हैं और चौपाटी के पास वुडपेकर के नजदीक उनका छोटा फूड स्टॉल भी है। आरोप है कि 11 मार्च को ज्योति अधिकारी ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से उन्हें शाम को उनके फूड स्टॉल पर आकर मारने की धमकी दी थी पीड़िता का कहना है कि इसके बाद कई लोगों से फोन कराकर भी उन्हें धमकियां दिलवाई गईं। आरोप है कि उन्हें मारने, बदनाम करने और उनकी सात साल की बेटी को उठाने तक की धमकी दी गई।
चौपाटी पर पहुंचकर की मारपीट
तहरीर में बताया गया है कि उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे ज्योति अधिकारी अपने पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी और अन्य लोगों के साथ उनके फूड स्टॉल पर पहुंचीं। यहां उनके साथ मारपीट की गई और स्टॉल का सामान भी तोड़ दिया गया पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान सार्वजनिक रूप से उन्हें अपमानित किया गया और कपड़े फाड़ने जैसी धमकियां भी दी गईं, जिससे उन्हें सामाजिक और आर्थिक नुकसान हुआ।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे: पीड़िता
सुनीता भट्ट ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि आरोपित ब्लॉगर के खिलाफ पहले से भी विभिन्न जिलों में कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस से अपनी और अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में विमल मिश्रा, थाना अध्यक्ष काठगोदाम ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





