दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविन्द कुमार पाण्डे ने गुरुवार को विकास खंड हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए निरीक्षण के दौरान आर.ई.ए.पी. परियोजना कार्यालय में एक कार्मिक अनुपस्थित पाया गया, जिस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही बीडीओ को संबंधित कर्मचारी का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।सीडीओ ने ब्लॉक कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजनता प्रायः सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच अपने कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचती है, इसलिए क्षेत्र भ्रमण पर 3 बजे के बाद ही जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ब्लॉक स्तर पर अधिकांश जनसेवाएं संचालित होती हैं, अतः जनता के कार्यों में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जब भी कोई अधिकारी या कर्मचारी क्षेत्र भ्रमण पर जाए, तो भ्रमण पंजिका में संबंधित क्षेत्र का नाम, दिनांक और समय का स्पष्ट उल्लेख अवश्य किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने वहां तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर राहत मिल सके निरीक्षण में यह भी सामने आया कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी यशवंत बोहरा, जो विकास खंड कार्यालय से भीमताल के लिए कार्यमुक्त हो चुके हैं, चार्ज देने से पूर्व ही मेडिकल अवकाश पर चले गए हैं। इस पर गंभीर रुख अपनाते हुए सीडीओ ने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि तीन दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराकर भीमताल में योगदान संबंधी आख्या प्रस्तुत की जाए।निरीक्षण के दौरान बीडीओ तनवीर अहमद सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है तथा जनहित कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

