दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
आज हल्द्वानी ठंडी सड़क स्थित गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा, गुरु नानकपुरा में एक ऐतिहासिक और शांतिपूर्ण चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसके उपरांत युवा एवं सिख यूथ के श्री रमनदीप सिंह साहनी को नया मुख्य सेवादार चुना गया। यह चुनाव सिख संगत के बीच अत्यधिक उत्साह और भाईचारे के वातावरण में आयोजित किए गए, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और सामुदायिक एकता का प्रतीक बन गया जानकारी देते हुए चुनाव अधिकारियों ने बताया कि यह चुनावी प्रक्रिया पिछले एक सप्ताह से जारी थी, जैसा कि पिछली निवर्तमान कमेटी का 2 साल का कार्यकाल पूरा हो गया था और कमेटी भंग हो गई थी और नए चुनाव प्रक्रिया में जिसमें कुल 1120 गणमान्य सदस्यों ने अपनी सदस्यता दर्ज कराई। चुनाव को सुचारू और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने का दायित्व छह वरिष्ठ चुनाव अधिकारियों की एक समर्पित टीम को सौंपा गया था आज हुए मतदान में कुल 1098 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो समुदाय में चुनावी प्रक्रिया के प्रति गहरी आस्था और सहभागिता को दर्शाता है। मतों की गणना के बाद, हल्द्वानी सिख यूथ के प्रत्याशी श्री रमनदीप सिंह साहनी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 342 मत प्राप्त किए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्री जगजीत सिंह मीति को 21 मतों के अंतर से पराजित किया, जिन्हें 321 मत मिले। वहीं, हल्द्वानी सिख फेडरेशन के प्रत्याशी स अवनीत सिंह रेखी ने 263 मत और श्री प्रभजोत सिंह चंडोक ने 36 मत हासिल किए। इस दौरान, 36 मत किन्हीं कारणों से निरस्त कर दिए गए संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया नगर प्रशासन की कड़ी देखरेख में अत्यंत व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई। इस दौरान विशेष रूप से उपस्थित चुनाव अधिकारियों में सरदार अमरजीत सिंह बिंद्रा, सरदार इंद्रपाल सिंह (अधिवक्ता) सरदार परमजीत सिंह कोहली, सरदार गुलबीर सिंह चंडोक, सरदार सर्वप्रीत सिंह कोहली और सरदार गुरमीत सिंह चंडोक शामिल थे, जिन्होंने चुनाव के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई अपनी विजय के उपरांत, नवनिर्वाचित मुख्य सेवादार श्री रमनदीप सिंह साहनी ने सभी सिख संगत, समर्थकों और चुनाव अधिकारियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं गुरु महाराज के चरणों में नतमस्तक होकर सभी संगत का धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने मुझ पर विश्वास व्यक्त किया है। मैं इस पद की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ समुदाय की सेवा करूंगा और गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा को सेवा और सिमरन का केंद्र बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।”गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा के नवनिर्वाचित मुख्य सेवादार श्री रमनदीप सिंह साहनी के नेतृत्व में समुदाय एक नए अध्याय की ओर अग्रसर है, जहाँ एकता, सेवा और प्रगति के नए आयाम स्थापित होने की आशा है।





