3.20 करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड गुड़गांव से गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

फर्जी मैनेजिंग डायरेक्टर बनकर व्हाट्सएप पर करता था करोड़ों की ठगी, भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व दस्तावेज बरामद

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की साइबर ठगी को अंजाम देने वाले एक मास्टरमाइंड को हरियाणा के गुड़गांव से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, फर्जी दस्तावेज, बैंक खातों से जुड़े कागजात, स्वाइप मशीनें, फिंगरप्रिंट स्कैनर और लैपटॉप बरामद किए गए। यह मामला टिहरी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर सामने आया, जिसे फर्जी मैसेज और व्हाट्सएप कॉल के जरिए खुद को एक कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर बताकर 3.20 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर विश्वास में लिया और अलग-अलग खातों में भारी रकम ट्रांसफर करवा ली। शिकायत के आधार पर एसटीएफ ने आई4सी (I4C) के तकनीकी सहयोग से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।गुड़गांव के नाथूपुर क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से नौ चेक बुक, पांच पासबुक, दो पैन कार्ड, तीन स्वाइप मशीन, एक क्यूआर कोड मशीन, दो जियो राउटर, एक लैपटॉप, एक वनप्लस मोबाइल फोन सहित ठगी में प्रयुक्त अन्य दस्तावेज और डिवाइस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी पहचान के जरिए बैंक खातों का उपयोग कर खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए बड़ी धनराशि वसूलने की बात कबूली है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि गिरोह का यह मास्टरमाइंड पहले भी साइबर अपराधों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ पश्चिम बंगाल में भी कार्रवाई हो चुकी है। टीम ने आरोपी तक पहुंचने के लिए बैंकिंग डेटा, सोशल मीडिया ट्रैफिक, कॉल डिटेल्स और सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों की मदद से विस्तृत विश्लेषण किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement