उत्तराखंड: प्रदेश में 1000 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती, 30 मार्च तक जारी होंगे नियुक्ति पत्र

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं विस्तारित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में नर्सिंग अधिकारियों के 1000 नए पदों पर भर्ती की जाएगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आईपीएचएस मानकों के अनुरूप नए पद सृजित करने के निर्देश दिए गए हैं स्वास्थ्य मंत्री ने संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि हरिद्वार और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग अधिकारियों के 480 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 15 छोटे अस्पतालों को उच्चीकृत कर उप जिला चिकित्सालय बनाया जा रहा है, जहां 150–200 नर्सिंग अधिकारियों के पद बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में हुई भर्ती प्रक्रिया में कुछ पद रिक्त रह गए थे, जिन्हें इस भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चयनित नर्सिंग अधिकारियों को 30 मार्च तक नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे, और एक सप्ताह के भीतर उन्हें कार्यभार ग्रहण करना होगा। इसके बाद 10 अप्रैल तक वेटिंग लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी।उन्होंने इस दौरान यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग में चयनित कुछ नर्सिंग अधिकारियों ने चिकित्सा शिक्षा विभाग की नर्सिंग भर्ती में भी आवेदन किया है, जबकि उन्हें ऐसा न करने के लिए निर्देशित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से 60-70 नए अभ्यर्थियों का अवसर बाधित हो रहा है।प्रदेश सरकार के इस फैसले से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ ही मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement