वोटिंग के दौरान स्टंटबाजी, चार युवकों पर पुलिस की कार्रवाई, वीडियो

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

भीमताल। सड़कों पर स्टंटबाजी के बाद अब पानी में भी खतरनाक करतब दिखाने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। भीमताल झील में वोटिंग के दौरान स्टंट करने वाले उत्तर प्रदेश के चार युवकों पर पुलिस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने न सिर्फ उन्हें रोका, बल्कि उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए भविष्य में इस तरह की हरकतें न करने की सख्त हिदायत दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिले में स्टंटबाजों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में भीमताल थाना प्रभारी विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 27 मार्च को झील क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चार युवकों को स्टंटबाजी करते हुए पकड़ा। नाव मालिक के मना करने के बावजूद युवक खतरनाक तरीके से झील में स्टंट कर रहे थे, जिससे वहां मौजूद पर्यटकों और अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। पकड़े गए युवकों की पहचान दीपांशु, मोहित, अभिषेक और सन्नी, सभी निवासी सावली, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने चारों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें दोबारा ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी। नैनीताल पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और स्टंटबाजी जैसी खतरनाक हरकतों से बचें। पुलिस का साफ संदेश है कि “स्टंट आपको अस्पताल भी पहुंचा सकता है और जेल भी”।

Advertisement
Advertisement
Advertisement