पर्यटकों को मिलेगा जाम से छुटकारा, डीएम ने की ट्रैफिक प्लानिंग की समीक्षा

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

नैनीताल और कैंचीधाम में पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले भारी जाम से निजात दिलाने के लिए जिलाधिकारी वंदना ने सोमवार को एक अहम बैठक कर ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में नैनीताल के एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वीकेंड और अवकाश के दिनों में आने वाले पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए भवाली के नैनी बैंड में पार्किंग की व्यवस्था शुरू की जाए और वहीं से शटल सेवा संचालित की जाए। इसके लिए नैनी बैंड बायपास का डामरीकरण शीघ्र कराने के आदेश दिए गए। साथ ही कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भीमताल में पार्किंग क्षमता को 800 से बढ़ाकर 1000 गाड़ियों तक विस्तारित करने की योजना पर भी सहमति बनी। शटल सेवाओं की संख्या भी बढ़ाई जाएगी ताकि भीमताल से कैंचीधाम तक आसानी से आवाजाही हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पहाड़ों के लिए जरूरी खाद्य सामग्री से भरे ट्रकों को सुबह के समय ही भेजा जाए, जिससे ट्रैफिक पर दबाव कम हो सके।इसके अलावा, हल्द्वानी में गौलापार स्टेडियम, काठगोदाम में नगर निगम इंटर कॉलेज मैदान और रानीबाग की एचएमटी फैक्ट्री क्षेत्र में वैकल्पिक पार्किंग स्थल विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य शुरू करने को कहा गया है। पर्यटकों की भीड़ और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। एडीएम विवेक राय को हल्द्वानी से रानीबाग तक का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, वहीं रानीबाग से नैनीताल व रूसी बाईपास और नारायणनगर मार्ग पर ट्रैफिक संचालन की जिम्मेदारी संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा को दी गई है। भवाली, भीमताल और कैंची मार्ग पर समन्वय और शटल सेवाओं की व्यवस्थाएं एसडीएम नवाजिश खलीक संभालेंगे। बैठक में एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, एडीएम विवेक राय, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, आरटीओ प्रवर्तन डॉ. गुरदेव सिंह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह और एसडीएम नवाजिश खलीक भी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement