नैनीताल में पर्यटक पर चाकू से हमला, पुलिस ने तीन हमलावरों को दबोचा

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

जनपद में अराजकता और गुंडागर्दी को लेकर पुलिस का सख्त संदेश, किसी को नहीं बख्शा जाएगा

नैनीताल। नैनीताल घूमने आए एक पर्यटक पर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को मल्लीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह हमला श्रावस्ती जिले के निवासी 29 वर्षीय कौशलेंद्र श्रीवास्तव पर हुआ था, जो पर्यटक के रूप में नैनीताल आए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही मल्लीताल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले साक्ष्य और पीड़ित के बयान के आधार पर तीन स्थानीय युवकों सौरभ, सूरज कुमार आर्य और दिनेश आर्य को पहचान कर कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि नैनीताल में अराजक तत्वों और गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी प्रकार के अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement