उत्तराखंड पंचायत चुनाव: हरिद्वार छोड़ 12 जिलों में आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू, दो चरणों में होंगे चुनाव

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ने लगी है। हरिद्वार जिले को छोड़कर राज्य के शेष 12 जिलों में बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायतों के कुल 66,418 पदों के लिए दो चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। सभी जिलों में चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।नामांकन प्रक्रिया 2 से 5 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 से 9 जुलाई के बीच होगी, जबकि 10 और 11 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

पंचायत चुनाव के तहत 89 विकासखंडों में निम्नलिखित पदों पर प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा:

ग्राम पंचायत सदस्य: 55,587 पद

ग्राम प्रधान: 7,499 पद

क्षेत्र पंचायत सदस्य: 2,974 पद

जिला पंचायत सदस्य: 358 पद

नामांकन प्रक्रिया संयुक्त रूप से चलेगी, लेकिन प्रतीक चिह्नों का आवंटन दोनों चरणों के अनुसार अलग-अलग तिथियों में किया जाएगा। पहले चरण के लिए 14 जुलाई और दूसरे चरण के लिए 18 जुलाई को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।चुनाव की प्रमुख तिथियां इस प्रकार निर्धारित की गई हैं:

पहले चरण का मतदान: 24 जुलाई

दूसरे चरण का मतदान: 28 जुलाई

परिणाम घोषित होने की तिथि: 31 जुलाई

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 30 जून तक 6,853 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी थी। आयोग का मानना है कि आगामी दिनों में यह संख्या तेजी से बढ़ेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement