उधार लौटाने के दबाव में महिला की गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, शेयर बाजार में डूबे पैसे बने हत्या की वजह

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए महिला की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने उधार दिए गए पैसों की वापसी के लिए लगातार दबाव बनाने पर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए आत्महत्या का नाटक रचने की कोशिश की। 7 जुलाई को संत नगर कॉलोनी में आम के बाग में एक अज्ञात महिला का शव ट्यूबवेल के पास मिला था। लक्सर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतका की पहचान सरोज पत्नी स्वर्गीय रामपाल, निवासी नई बस्ती शिवपुरी, लक्सर के रूप में की। परिजनों से पूछताछ में यह सामने आया कि मृतका 5 जुलाई को जसवीर नामक व्यक्ति से अपने उधार दिए एक लाख रुपये लेने गई थी और फिर लौटकर नहीं आई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मैनुअल इनपुट्स के आधार पर आरोपी जसवीर पुत्र नकली राम को कनखल के बैरागी कैंप से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह शेयर मार्केट और ट्रेडिंग में पैसा लगाता था, लेकिन नुकसान होने पर सरोज से लिया गया उधार लौटाने में असमर्थ हो गया था। सरोज लगातार पैसे लौटाने का दबाव बना रही थी, जिससे तंग आकर आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रची। आरोपी ने सरोज को लक्सर स्थित अपने घर बुलाया और दोपहर में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के मोबाइल से उसके बच्चों को मैसेज कर भ्रम फैलाया और रात के अंधेरे में शव को मोटरसाइकिल में आम के बाग में फेंक दिया। यही नहीं, आरोपी ने आत्महत्या दर्शाने के लिए दो चिट्ठियां लिखी थीं और एक नई सिम खरीदकर परिजनों को झूठी सूचना देकर फरार होने की योजना बनाई थी। पुलिस टीम ने मौके से दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, खून से सनी शर्ट, मृतका की चप्पल, एक एग्रीमेंट की कॉपी और आरोपी का पिट्ठू बैग बरामद किया है। आरोपी पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement