हल्द्वानी में शाम के बाद मीट और मांस के ठेलों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी : नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से शहर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने शाम छह बजे के बाद नगर निगम क्षेत्र में मीट और मांस के ठेलों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। यह निर्णय शहर में बढ़ती अव्यवस्था और शराबखोरी की घटनाओं के मद्देनजर लिया गया है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि बीते दिनों निगम की टीम ने शाम के वक्त कई छापेमारी की थी, जिसमें मीट और मांस के ठेलों पर शराब परोसे जाने के मामले सामने आए थे। छापेमारी के दौरान कई लोगों और ठेले वालों के चालान भी किए गए। इसके बावजूद ठेलों पर शराबखोरी का सिलसिला बदस्तूर जारी है, जिससे शहर का माहौल खराब हो रहा है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम अब शाम छह बजे के बाद मीट और मांस के ठेले लगाने पर पूरी तरह से रोक लगाने की तैयारी में है। जल्द ही इस संबंध में आदेश जारी किए जाएंगे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement