सर्किल रेट वृद्धि से खत्म होगा आम आदमी का मकान का सपना: ललित जोशी

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। हाल ही में जारी सर्किल रेट को लेकर राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेस नेता ललित जोशी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कालाढूंगी रोड स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि सर्किल रेट में की गई यह भारी बढ़ोतरी जनता के लिए भयानक महंगाई लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से आम आदमी का “रोटी, कपड़ा और मकान” का सपना चकनाचूर हो जाएगा। ललित जोशी ने कहा कि सरकार ने टैक्स और सर्किल रेट में जिस अनुपात में वृद्धि की है, वह पूरी तरह अव्यवहारिक और जनविरोधी है। “400 गुना टैक्स बढ़ाना कोई न्यायसंगत कदम नहीं है। जब किसी व्यक्ति की आय सीमित है, तो वह इतना भारी टैक्स कैसे दे पाएगा?” उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में पहले जहां प्लॉट की सरकारी कीमत एक लाख थी, अब वही कीमत आठ लाख कर दी गई है, जिससे मकान बनाना मध्यम वर्ग के लिए लगभग असंभव हो जाएगा।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक आम आदमी अपनी मेहनत की कमाई से पांच लाख रुपये का इनकम टैक्स भरता है, तो वह आठ लाख का प्लॉट कैसे खरीदेगा? उन्होंने कहा कि यह निर्णय “बेतुका” है और इससे न केवल आम जनता बल्कि रियल एस्टेट व निर्माण कार्यों से जुड़े रोजगार पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा। सरकार से आग्रह करते हुए जोशी ने कहा कि “हम विरोध नहीं कर रहे, बल्कि अनुरोध कर रहे हैं कि सरकार इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और जनता की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए सर्किल रेट को यथोचित रूप से संशोधित करे।” अधिकारियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस अनुपात में टैक्स बढ़ाया जा रहा है, उसी अनुपात में प्रशासन को शहर की स्थिति सुधारने पर भी ध्यान देना चाहिए। “हल्द्वानी की सड़कों की हालत बदहाल है, नैनीताल जैसी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी की स्थिति दयनीय है। अधिकारी केवल टैक्स बढ़ाने तक सीमित न रहें,बल्कि जनता की सुविधाओं पर भी ध्यान दें,” उन्होंने कहा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement