राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हल्द्वानी पहुंचीं, राजभवन नैनीताल के 125 वर्ष पूर्ण होने के समारोह में होंगी शामिल

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज अपराह्न 4:10 बजे विशेष हेलिकॉप्टर से हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड पर पहुंचीं। उनके आगमन पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रशासनिक अमले ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुरुगेशन, आईजी कुमाऊँ ऋद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।हल्द्वानी में औपचारिक स्वागत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजभवन, नैनीताल के लिए रवाना हुईं, जहां वे राजभवन नैनीताल की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगी। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। राजभवन परिसर में समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जहां राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य अतिथि राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे।