जिसके लिए पत्नी छोड़ी,ज़मीन बेची उसी के सीने में उतार दी गोली,एम्स कर्मी की हत्या

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्यार, अवसाद और असफल रिश्ते ने एक महिला की जान ले ली। शिवाजी नगर इलाके में शनिवार रात एम्स अस्पताल में कार्यरत 35 वर्षीय महिला अटेंडेंट प्रीति रावत की उनके ही घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

 

वारदात इतनी अचानक और खौफनाक थी कि इलाके में देर रात तक सनसनी फैल गई।

 

दरवाजा खोला… और सीने में लगी गोली

 

घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है।

आरोपी ने प्रीति के कमरे का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही प्रीति ने अंदर का दरवाजा खोला, बाहर लगे जालीदार दरवाजे के पास से ही हमलावर ने सीधे उनके सीने पर गोली दाग दी और मौके से फरार हो गया।

 

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और गंभीर हालत में प्रीति को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

एम्स में सहायिका, अकेले किराये पर रहती थीं प्रीति

 

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान प्रीति रावत, निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है।

 

 

वह एम्स अस्पताल में सहायिका (अटेंडेंट) के पद पर कार्यरत थीं और शिवाजी नगर, गली नंबर-11 में अकेले किराये पर रहती थीं।

प्रीति तलाकशुदा थीं और उनका 8 साल का एक बेटा भी है।

 

पूर्व प्रेमी पर हत्या का आरोप, FIR दर्ज

 

मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में सुरेश गुप्ता के खिलाफ

मु.अ.सं. 49/26 | धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित कर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

 

कोरोना काल में शुरू हुआ रिश्ता, प्यार बना तनाव

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि _कोरोना काल में प्रीति, सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थीं। वहीं दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध शुरू हुआ। जब सुरेश की पत्नी को इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो घर में लगातार झगड़े होने लगे

 

स्थानीय लोगों ने समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन विवाद थमता नहीं दिखा।

 

प्रीति से शादी के लिए पत्नी को छोड़ा, संपत्ति बेची

 

पुलिस के मुताबिक,

करीब 4 महीने पहले सुरेश गुप्ता ने प्रीति से शादी करने के लिए अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया।

 

इसके बाद प्रीति और उसके परिजनों ने ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात रखी।सुरेश ने अपनी लक्सर (हरिद्वार) स्थित पैतृक संपत्ति 35 लाख रुपये में बेच दी, लेकिन ऋषिकेश में उस रकम में मनपसंद मकान नहीं मिल सका यहीं से दोनों के बीच तनाव और मनमुटाव बढ़ता गया।

 

अवसाद में आया आरोपी, प्यार बना हत्या की वजह

 

पुलिस का मानना है कि पत्नी से तलाक , सारी संपत्ति बेच देना और फिर भी शादी और घर का सपना पूरा न होना इन सब कारणों से आरोपी मानसिक अवसाद में चला गया, और इसी हालात में उसने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।

 

हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहन विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *