दीपक अधिकारी
हल्द्वानी , रामनगर
नैनीताल जिले के रामनगर में छोई निवासी विमला देवी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है,पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार आरोपियों में एक भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में कार्यरत जवान बताया गया है, पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या की खौफनाक साजिश रची थी,इतना ही नहीं, मुख्य आरोपी महिला की हत्या के बाद उसके दोनों बेटों को भी मौत के घाट उतारने की योजना बना चुका था,मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री, डीजीपी और आईजी के निर्देशों के क्रम में महिला अपराधों के मामलों में पुलिस सख्त और त्वरित कार्रवाई कर रही है, उन्होंने बताया कि घटना की सूचना 112 के माध्यम से मिलने के बाद रामनगर पुलिस, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल और कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे,घटनास्थल पर महिला का शव मिला, जिसके शरीर और सिर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे,मृतका की पहचान छोई निवासी लगभग 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाफ सिंह बिष्ट के रूप में हुई,
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने मैनुअल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई,सीसीटीवी फुटेज में तीनों आरोपी महिला को जीवित अवस्था में अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया,
एसएसपी ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह सामने आई है, मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटे आरोपी बनाए गए थे और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था,फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है,इसी घटना को लेकर मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति रंजिश थी,आरोप है कि वह छुट्टियों में घर आने पर परिवार को परेशान करता और गाली-गलौज भी करता था,पुलिस के अनुसार मोहित ने इसी रंजिश के चलते विमला देवी और उनके दोनों बेटों की हत्या की योजना बनाई, इसके लिए उसने दो अन्य युवकों से संपर्क किया और उन्हें अपने साथ शामिल कर लिया, तीनों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया, आरोपियों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे गाड़ी में डालकर धापला पुल की ओर ले गए, एसएसपी के मुताबिक महिला को पानी में डुबोया गया और उसके बाद भी उसके साथ मारपीट की गई। अंत में शव को वापस लाकर महिला के घर के पास फेंक दिया गया,
एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी की योजना यहीं खत्म नहीं हुई थी, वह महिला के दोनों बेटों की हत्या करने के इरादे से आगे बढ़ा, लेकिन पुलिस टीमों की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया,इस प्रकार पुलिस ने एक और संभावित बड़ी वारदात को होने से रोक दिया।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों में मुख्य आरोपी सेना में जवान
मोहित फर्त्याल पुत्र स्व. गोविंद सिंह, उम्र 32 वर्ष,निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल,
2.सैरान पुत्र मुरसलीन उम्र 21 वर्ष, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल,
3.मो. अब्बूजर पुत्र मो. विलाल उम्र 22 वर्ष निवासी खताड़ी, थाना रामनगर को गिरप्तार कर लिया गया है.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी, लोहे की पान, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं,फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है.









