दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
12 से 15 फरवरी तक मौसम शुष्क, 16 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार
नैनीताल: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 12 फरवरी से प्रदेशभर में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे खासतौर पर मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगेगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में चटक धूप खिलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी बुधवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे हल्की ठंड बनी रह सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम सुहावना हो जाएगा।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 12 से 15 फरवरी तक पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा। इस दौरान मैदान से लेकर पहाड़ तक सामान्य तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, जिससे दोपहर में गर्मी का एहसास होगा। वहीं पहाड़ी इलाकों में धूप खिलने से ठंड का असर कम पड़ेगा।हालांकि 16 फरवरी को मौसम फिर करवट ले सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।फिलहाल आने वाले तीन-चार दिन प्रदेशवासियों को साफ आसमान और खिली धूप के साथ मौसम का संतुलित रूप देखने को मिलेगा।

