रुद्रपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद वांछित बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Spread the love

दीपक अधिकारी 

हल्द्वानी 

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पुलिस टीम पर हमले और मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़कर जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर होली पर्व को देखते हुए जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 मार्च को एएनटीएफ ऊधम सिंह नगर और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इंद्रा चौक, मुख्य बाजार और डीडी चौक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी निवासी नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम, जो पूर्व में पुलिस टीम पर पथराव और जानलेवा हमले के मामले में वांछित है तथा एनडीपीएस एक्ट में भी फरार चल रहा है, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बागवाला-बिंदुखेड़ा बाईपास की ओर से आती संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और मोटरसाइकिल मोड़ते समय अनियंत्रित होकर गिर गया। गिरते ही आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 4100 रुपये नकद बरामद हुए। मौके से बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की मोटरसाइकिल और लाल रंग का हेलमेट भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में वांछित चल रहा था। पूछताछ में उसने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त होने और पूर्व में पुलिस टीम पर हमला करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *