रिश्वतखोरी पर विजिलेंस का वार, उद्यान निरीक्षक 12 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी/किच्छा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी निरीक्षक 16 आम के पेड़ों को काटने की अनुमति देने के एवज में 12 हजार रुपये की मांग कर रहा था। मामला उस समय सामने आया जब शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के पेड़ खरीदे थे, जिन्हें काटने के लिए उद्यान विभाग से अनुमति आवश्यक थी। आरोप है कि किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने अनुमति देने के बदले 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत टीम ने आज 9 अप्रैल को आरोपी को उसके कार्यालय में शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement