हल्द्वानी – करोड़ों की जमीन ठगी मामले में ठेकेदार धनंजय गिरी गिरफ्तार, एसआईटी कर रही पूछताछ

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

जमीन खरीद-फरोख्त और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में हल्द्वानी के चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी को ऊधमसिंहनगर पुलिस की एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को काठगोदाम थाने में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात कार्रवाई करते हुए धनंजय गिरी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।आरोप है कि धनंजय गिरी लोगों को जमीन दिलाने, प्लॉट बेचने और निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था। मामले में अब तक करीब 20 लोगों ने एसआईटी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। पीड़ितों के अनुसार कई लोगों से जमीन की डील कराने के नाम पर एडवांस रकम ली गई, लेकिन न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही रकम वापस लौटाई गई। कुछ मामलों में एक ही जमीन को कई लोगों को दिखाकर सौदा करने के आरोप भी सामने आए हैं।शिकायतों की संख्या बढ़ने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया और एसआईटी पिछले कई महीनों से जांच में जुटी थी। जांच के दौरान बैंक लेनदेन, संपत्तियों और दस्तावेजों की गहन जांच की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है कि कथित धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले को लेकर कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कहा है कि जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *