दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
LPG Price Hike: आज से जून का महीना शुरू हो चुका है और महीने के पहले ही दिन आम जनता और दुकानदारों के बजट को एक झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव कर दिया है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है। तेल कंपनियों ने इसमें ₹53.50 तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसके अलावा 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए हैं। आइए जानते हैं कि आपके शहर में अब सिलेंडर के नए रेट्स क्या हो गए हैं।
कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से आप पर क्या असर होगा?
चूंकि ये सिलेंडर दुकानों और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होता है। इसके महंगा होने से बाहर का खाना-पीना थोड़ा महंगा हो सकता है। रेस्टोरेंट में थाली, सुबह का चाय-नाश्ता और यहाँ तक कि शादियों में कैटरिंग का खर्च भी बढ़ सकता है।
आपके शहर में अब क्या हैं सिलेंडर के नए रेट?
दिल्ली: अब ₹3113.50 में मिलेगा, जो पहले ₹3071.50 में था। यानी ₹42 महंगा हो गया है।
मुंबई: अब ₹3067.50 में मिलेगा, जो पहले ₹3024.00 का था।
कोलकाता: यहां सबसे ज्यादा ₹53.50 की बढ़ोतरी हुई है, अब नया रेट ₹3255.50 है।
चेन्नई: यहां अब आपको ₹3283.00 खर्च करने होंगे, जो पहले ₹3237.00 था।
5 किलो वाला सिलेंडर भी महंगा
बिना एड्रेस प्रूफ के मिलने वाले 5 किलो के FTL सिलेंडर को लोग प्यार से ‘छोटू सिलेंडर’ भी कहते हैं। इसका इस्तेमाल ज्यादातर पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स, बाहर रहने वाले मजदूर या छोटे रेहड़ी-पटरी वाले दुकानदार करते हैं। आज से छोटू सिलेंडर के दाम में ₹11 का इजाफा कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब यह सिलेंडर ₹821.50 का हो गया है, जो पहले ₹810.50 में मिलता था। राहत की बात यह है कि 5 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत अभी भी ₹339 पर टिकी हुई है, उसमें कोई बदलाव नहीं है।
घरेलू सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े
घर में इस्तेमाल होने वाले नॉर्मल 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आपके शहर में पुराना रेट ही लागू रहेगा। दिल्ली में इसकी कीमत ₹913, मुंबई में ₹912.50, कोलकाता में ₹93, चेन्नई में ₹928.50 और पटना में ₹1011 बना हुआ है।



