चेन स्नैचिंग का खुलासा, ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र छीनने की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और डिलीवरी के दौरान अकेली महिलाओं की रेकी कर वारदात को अंजाम देता था। 25 जनवरी को नथुवावाला ढांग, रायपुर निवासी गणेश दत्त बहुगुणा ने थाना रायपुर में तहरीर दी कि उनकी माता कुंती देवी सुबह पैदल अपने रिश्तेदारों के यहां खैरी खादर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने शिव मंदिर ढांग के पास अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रायपुर में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। त्वरित और सटीक कार्रवाई के चलते पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल से आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह रिंग रोड स्थित ब्लिंकिट एजेंसी में काम करता है और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। कर्ज चुकाने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने चेन स्नैचिंग की योजना बनाई और डिलीवरी के दौरान अकेली महिलाओं पर नजर रखने लगा। घटना वाले दिन उसने बुजुर्ग महिला को अकेले जाते देखा और मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया। गिरफ्तार सचिन पुत्र सर्वेश कुमार, निवासी ग्राम रसूलपुर कला, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी जोगीवाला, रिंग रोड देहरादून, उम्र 30 वर्ष है। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग डेढ़ लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र बरामद किया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement