हल्द्वानी – नैनीताल में 2-3 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, DM ने सभी विभागों को अलर्ट में रखा, टोल फ्री नंबर जारी

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

नैनीताल – भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 2 और 3 जुलाई को जनपद नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित भारी बारिश के दौरान जिले के सभी अधिकारी एवं कार्मिक मुख्यालय पर तैनात रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखेंगे। भारी वर्षा के चलते भूस्खलन तथा पेड़ गिरने से सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।आपदा प्रबंधन की दृष्टि से जिला, परगना एवं विकासखंड स्तर पर आईआरएस प्रणाली से जुड़े सभी नामित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। वहीं, तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने तथा प्रत्येक घंटे आपदा संबंधी सूचना तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जनता से सावधानी बरतने की अपील –

जिला प्रशासन ने लोगों से 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *