(ब्रेकिंग न्यूज) चमोली में महिलाओं पर झपटा भालू, एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर घायल

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

चमोली के पोखरी विकासखंड की नेल ग्राम पंचायत के सिदेली तोक में शुक्रवार को भालू के हमले से सनसनी फैल गई। जंगल से आए भालू ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया। हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।जानकारी के मुताबिक, सिदेली तोक में लक्ष्मी देवी पत्नी गजेंद्र सिंह और विमला देवी पत्नी चंद्रशेखर सिंह, उम्र 56 वर्ष पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विमला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि लक्ष्मी देवी का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं वन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। ग्रामीणों में भालू की मौजूदगी को लेकर भारी भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भालू के हमले में एक महिला की मौत हुई है, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटा रही है।भालू के हमले में घायल दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी लाया गया था। जहां डॉक्टरों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि लक्ष्मी देवी का उपचार किया जा रहा है। गंभीर स्थिति को देखते हुए लक्ष्मी देवी को हायर सेंटर रेफर किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग की टीम क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है।

Advertisement