लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की पेचकस से गोदकर हत्या, आरोपी पड़ोसियों के हत्थे चढ़ा

दीपक अधिकारी

 

हल्द्वानी 

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसे एक आरोपी ने लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की पेचकस से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एक साथ तीन हत्याओं की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में दोपहर करीब तीन बजे आरोपी दाखिल हुआ। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला घर में मौजूद थीं। आरोप है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर उसने पेचकस से रजनी पर कई वार कर दिए।रजनी की चीख-पुकार सुनकर नौकरानी शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने रमेश कपूर को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।इसी दौरान शोर सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा। उसने पेचकस दिखाकर पड़ोसियों को डराने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वारदात के पीछे लूट की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस हत्या के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement