उत्तराखंड – अवैध पशु कटान पर छापा 10 गिरफ्तार, छह कुंतल मांस भी बरामद, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी 

रुद्रपुर – पुलभट्टा थाना क्षेत्र के सिरौली कलां में सोमवार सुबह पुलिस ने अवैध पशु कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह कुंतल मांस बरामद किया, जबकि मौके से चार पशुओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने बरामद मांस जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार, सिरौली कलां में अवैध पशु कटान की शिकायतें मिलने के बाद एसएसपी अजय गणपति ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और सीओ सितारगंज के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। सोमवार सुबह दोनों टीमों ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में सात सिरौली कलां के निवासी हैं, जबकि तीन आरोपी बरेली जिले और किच्छा के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान करीब छह कुंतल मांस बरामद किया गया और चार पशुओं को मुक्त कराया गया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement