हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर फिर मौत का तांडव, तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचला लालकुआं के सुभाषनगर पुरानी पुलिस चेक पोस्ट के पास दर्दनाक हादसा, 48 घंटे के भीतर NH-109 पर दो सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी 

हल्द्वानी में बरेली हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात लालकुआं क्षेत्र में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुभाषनगर स्थित पुरानी पुलिस चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात स्कूटी सवार दोनों युवक हल्द्वानी-बरेली हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान लालकुआं के सुभाषनगर क्षेत्र में पुरानी पुलिस चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय चेतन बिष्ट निवासी गौलापार और 24 वर्षीय दीक्षित बिष्ट निवासी भवाली के रूप में हुई है NH-109 पर बीते 48 घंटों के भीतर हुए दो सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने हाईवे पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार और सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता खतरा लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है स्थानीय स्तर पर हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने, संवेदनशील स्थानों पर यातायात निगरानी बढ़ाने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत महसूस की जा रही है।फिलहाल, इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद मामले की अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement