नगर निगम की बैठक में 17 प्रस्ताव पास हल्द्वानी में लगेंगी 10000 नई स्ट्रीट लाइट

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी 

हल्द्वानी शहर के विकास, सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में हल्द्वानी नगर निगम ने कई अहम फैसले लिए हैं। सोमवार, 2 नवंबर को नगर निगम सभागार में मेयर गजराज बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में 17 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही निगम क्षेत्र के लोगों को राहत देने वाले मुद्दों पर भी मुहर लगाई गई।बैठक का सबसे अहम फैसला शहर की खराब होती रोशनी व्यवस्था को सुधारने के लिए 10 हजार नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी देना रहा। इसके अलावा नगर निगम में शामिल हुए नए ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को राहत देते हुए निगम की दुकानों के किराये में छूट की अवधि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 तक कर दी गई बैठक में काठगोदाम स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास निर्माण और डीके पार्क के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। वहीं, बनभूलपुरा के गली नंबर 12 स्थित पुराने मीट मार्केट के पुनर्निर्माण, शनि बाजार मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त हुई दुकानों के दोबारा निर्माण और राजपुरा व शीशमहल में सामुदायिक भवनों से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली नगर निगम ने कबाड़ी और बढ़ई व्यवसाय के ट्रेड लाइसेंस शुल्क की नई दरें निर्धारित करने, शहर में 500 विद्युत पोल और तार खरीदने तथा निगम की दुकानों का सर्वे कराने के प्रस्ताव भी पास किए। इसके साथ ही नगर निगम इंटर कॉलेज के शिक्षकों के वेतन में वृद्धि और सेवानिवृत्त पर्यावरण मित्रों के स्थान पर नई स्वच्छता समितियों के गठन को भी मंजूरी दी गई।ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को अपनाने, परेवा वेस्ट कूड़ा प्लांट में पूर्व स्वीकृत डीपीआर के कार्यों को वर्तमान दरों पर कराने और गौला रोखड़ में प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई इसके अलावा शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने और मानसून के दौरान अलग से विशेष सफाई टीम नियुक्त करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ बैठक की शुरुआत में शासन की ओर से नामित पार्षद दिनेश सिंह बिष्ट और संजय भोजक को मेयर गजराज बिष्ट ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उनका स्वागत किया मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि नगर निगम शहर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले 18 महीनों के कार्यकाल में जनता और पार्षदों की ओर से उठाई गई समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर बोर्ड बैठक में रखा गया सभी पार्षदों ने आपसी सहमति से प्रस्तावों को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने का है।बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया सहित पार्षद गणेश भट्ट, नवल नौटियाल, महेश पाठक एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement