डॉक्टर बहनों ने नैनीताल पुलिस को राखियां बांधी

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

आज पूरे देश में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है, जो भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर नैनीताल पुलिस ने खास अंदाज में पर्व को मनाया। एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा के नेतृत्व में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है, जहां भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। रक्षाबंधन के मौके पर एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र और सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी ने अपनी टीम के साथ हल्द्वानी स्थित डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल का दौरा किया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्सों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गई।इस दौरान, डॉक्टर बहनों ने पुलिस कर्मियों को राखी बांधी, जिससे भाई-बहन के रिश्ते की मिठास का एहसास हुआ। पुलिस द्वारा डॉक्टर बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए, पुलिस ने सभी को आश्वस्त किया कि वे पूरी सतर्कता और संकल्प के साथ काम करेंगे। इसके अलावा, हल्द्वानी शहर में विभिन्न स्थानों पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों के साथ भी रक्षाबंधन मनाया गया और उन्हें राखी बांधकर उपहार दिए गए। एसएसपी नैनीताल ने यह भी स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस माताओं और बहनों की सुरक्षा को गंभीरता से लेती है और इस दिशा में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement