हल्द्वानी:स्कूटी और बाइक की भिड़ंत, सिडकुलकर्मी की मौत

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी:चोरगलिया इलाके में एक स्कूटी और बाइक की रविवार रात जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान युवक का सिर पत्थर से जा टकराया, चोट गहरी लग गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक चोरगलिया के लाखन मंडी क्षेत्र में रहने वाले 26 वर्षीय शुभम आर्या सितारगंज में सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी करते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात नौ बजे शुभम ड्यूटी से बाइक पर घर की ओर लौट रहे थे। काड़बास के पास स्कूटी सवार ने रोड क्रॉस की, जिस कारण शुभम की बाइक सीधा स्कूटी सवार से जा टकराई।टक्कर के बाद शुभम का सिर सड़क किनारे एक बड़े पत्थर से जा टकराया। घटना के बाद स्कूटी सवार मौके से फरार हो गया। सूचना पर शुभम को एसटीएच लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुभम तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके पिता खेतीबाड़ी का कार्य करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। एसओ चोरगलिया राजेश जोशी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement