काम की बात : होली खेलने के बाद रंग हटाने के लिए अपनाएं ये नुस्खे, चुटकियों में साफ होगी त्वचा

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

होली एक ऐसा त्योहार है, जिसका बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इंतजार रहता है। रंगों से सराबोर यह पर्व भाईचारे का प्रतीक होता है होली मनाते समय लोग एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाते हैं। ये रंग त्वचा पर चढ़ जाते हैं और आसानी से साफ नहीं होते ऐसे में आप होली के रंग छुड़ाने के लिए ये घरेलू नुस्खे अपना सकते हैं। इनके जरिए आपकी त्वचा आसानी से साफ हो जाएगी और एक प्राकृतिक चमक भी मिलेगी।

दही और शहद मिलाकर लगाएं

होली खेलने के बाद सबसे पहले पानी और साबुन के जरिए त्वचा को साफ कर लें। इसके बाद अपने पूरे शरीर पर दही और शहद का पैक लगाएं, जो पक्के रंगों को भी साफ कर देगा इस पैक को लगाकर कुछ देर सूख जाने दें, फिर हल्के हाथों से रगड़ते हुए पानी से साफ कर लें यह पैक आपकी त्वचा को पोषण प्रदान करेगा, एक प्राकृतिक निखार देगा और रंगों के कारण होने वाले सूखेपन से भी छुटकारा दिलाएगा।

बेसन का उबटन इस्तेमाल करें

बचपन में जब हम होली खेलकर घर पहुंचते थे तो मम्मी हमारे शरीर पर उबटन रगड़ती थीं। इस प्राकृतिक लेप की मदद से सारा गुलाल और रंग उतर जाता था आज भी यह नुस्खा उतना ही कारगर है। इसके लिए बेसन, आटे, गुलाब जल और हल्दी का घोल बनाएं और शरीर पर लगा लें इसे धीरे-धीरे रगड़ते हुए साफ करें, ताकि आपकी त्वचा एक्सफोलिएट भी हो सके। उबटन मृत त्वचा को हटाते हुए रंगों को अच्छी तरह साफ कर देगा।

नारियल तेल भी आ सकता है काम

वैसे तो होली खेलने से पहले शरीर पर तेल जरूर लगा लेना चाहिए। हालांकि, अगर आप ऐसा करना भूल गए हैं तो रंग साफ करने के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल करें नारियल तेल को हल्का गुनगुना कर लें और चेहरे व शरीर पर लगा लें। इसे लगाने के बाद हल्के हाथों से मालिश करें, जिससे रंग छूटना शुरू हो जाएगा इस तेल के जरिए रंगों के कारण होने वाली जलन को शांत करने में भी मदद मिल सकती है।

नींबू का रस होगा कारगर

नींबू का रस भी रंग साफ करने का एक अच्छा नुस्खा हो सकता है, जिसका कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं होता। इसके लिए एक कटोरी में नींबू निचोड़ें और उसमें एक चम्मच दही या शहद मिला दें इस गाढ़े घोल को अपने चेहरे और शरीर पर लगाएं और कुछ देर के लिए सूख जाने दें। इसके बाद पानी के जरिए इसे साफ कर लें आपको होली खेलने से पहले इन तरीकों से अपनी त्वचा का ख्याल रखना चाहिए।

Advertisement