दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी के अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों को खून की किल्लत न झेलनी पड़े, इस मानवीय सोच के साथ राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस (1 अक्तूबर) के अवसर पर मंडी परिसर में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया आलू फल आढ़ती व्यापारी एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस शिविर में व्यापारियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दर्जनों लोगों ने रक्तदान किया गुरुवार को आयोजित इस शिविर का औपचारिक शुभारंभ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने किया। सुबह से ही रक्तदान करने के लिए मंडी परिसर में लोगों का उत्साह देखने को मिला हल्द्वानी मंडी आलू फल एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जोशी ने बताया कि अस्पताल में आए दिन मरीजों को खून की कमी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी गंभीर समस्या को देखते हुए इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, और हमारा प्रयास है कि किसी भी मरीज की जान सिर्फ खून की कमी की वजह से न जोखिम में पड़े।
स्वास्थ्य जांच के बाद हुआ रक्तदान
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं का पहले हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर चेक किया। पूर्ण सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए डॉक्टरों की देखरेख में रक्त एकत्र किया गया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनका आभार भी जताया।





