(ब्रेकिंग न्यूज) दिल्ली से हल्द्वानी आ रही काठगोदाम डिपो की रोडवेज बस हादसे का शिकार, पिलखुवा में हुआ हादसा।

Spread the love

दीपक अधिकारी 

हल्द्वानी 

दिल्ली से हल्द्वानी आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस पिलखुआ के पास हादसे का शिकार, चालक फरार।तीन यात्री और परिचालक घायल, चालक बस छोड़कर मौके से भागा, परिवहन निगम ने जांच के दिए आदेश।उत्तराखंड परिवहन निगम के काठगोदाम डिपो से संचालित अनुबंधित सीएनजी बस रविवार देर रात दिल्ली-हल्द्वानी मार्ग पर पिलखुआ टोल प्लाजा के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में तीन यात्री और बस का परिचालक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि परिचालक ने घायलों की मदद करते हुए अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से हल्द्वानी रवाना कराया जानकारी के अनुसार, बस रविवार रात आनंद विहार (दिल्ली) से हल्द्वानी के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 1:30 बजे पिलखुआ टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे वाहन से बस की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर यू-टर्न ले रहे एक पिकअप वाहन समेत अन्य वाहनों से भी भिड़ गई, जिससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। तीन घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बस दिल्ली जाते समय 46 यात्रियों को लेकर गई थी, जबकि वापसी में उसमें केवल 10 यात्री सवार थे। हादसे के बाद परिचालक विक्रम चिलवाल ने घायलों की सहायता की और बाकी यात्रियों को दूसरी बस से हल्द्वानी भेजा। साथ ही घायल यात्रियों का किराया भी वापस किया गया दुर्घटना के बाद चालक मोहम्मद शाहिद बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चालक के मौके से भागने की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *