CM धामी ने नगर निगम का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और स्ट्रीट लाइट सुधारने के दिए निर्देश

दीपक अधिकारी

 

हल्द्वानी

 

हल्द्वानी। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया और नगर निगम के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान, उन्होंने नगर आयुक्त विशाल मिश्रा को निर्देश दिए कि नगर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक किया जाए और साथ ही इनकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग भी की जाए, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न हो। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के आंतरिक मार्गों की स्थिति पर भी ध्यान दिया और कहा कि इन मार्गों को हर हाल में 15 दिसम्बर तक गड्ढामुक्त किया जाए। साथ ही, नगर निगम के अधूरे निर्माण कार्यों को भी जल्द से जल्द शुरू कर एक महीने के भीतर इन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान, नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि नगर निगम ने टैक्स की पारदर्शिता और आय बढ़ाने के लिए बैंक ऑफ बडौदा के साथ एमओयू किया है। उन्होंने बताया कि हाउस टैक्स और कमर्शियल टैक्स को ऑनलाइन किया जा रहा है, जिससे किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े को रोका जा सकेगा। इसके अलावा, उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम के द्वारा प्रत्येक भवन की फोटो खींचकर पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, जिससे अगले एक माह में नागरिक अपनी संपत्ति का विवरण ऑनलाइन चेक कर सकते हैं और भुगतान कर सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री धामी ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि यह पहल नगरवासियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement