दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में कपड़े की दुकान पर ग्राहक पर कैंची से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है जानकारी के अनुसार नई बस्ती आस्ताना मस्जिद निवासी अनस ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी की रात वह कपड़े खरीदने के लिए मोहल्ले में ही स्थित जावेद की दुकान पर गया था। इस दौरान पुराने लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।आरोप है कि इसी बीच जावेद का भाई मुस्तफा और उसकी बहन भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर अनस के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान जावेद ने दुकान में रखी कैंची से अनस की छाती पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।शोर सुनकर अनस की पत्नी शन्नो भी मौके पर पहुंच गई। घायल अनस को तुरंत बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। उपचार के दौरान उसके चार टांके लगाए गए और हालत गंभीर होने के कारण उसे पांच दिन तक आईसीयू में भर्ती रखा गया।बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।





