गोला बाईपास पर बस–डंपर की भीषण टक्कर, चालक घायल

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

गोला बाईपास रोड पर आवला चौकी के समीप गोला नदी खनन गेट के सामने रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां टूरिस्ट बस और डंपर की जोरदार भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में डंपर चालक के घायल होने की सूचना है, जबकि बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे टूरिस्ट बस संख्या एआर 20 डी 3009 गौलापार स्थित बस पार्किंग से दिल्ली की ओर जा रही थी। बस में लगभग दस यात्री सवार थे। इसी दौरान आवला चौकी गेट के सामने डंपर संख्या यूके 04 सीबी 2596 अचानक गोला नदी खनन गेट के भीतर जाने के लिए मुड़ा, जिससे बस और डंपर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र से कांस्टेबल मोहम्मद यासीन और कांस्टेबल लक्ष्मण मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया और घायल डंपर चालक को उपचार के लिए भेजा गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement